सांस्कृतिक कार्यक्रम रामस्मरणम : 30 मार्च, 2026
चैत्र माह के पावन अवसर पर ‘रामस्मरणम्’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के आदर्शों का स्मरण, लोक संस्कृति का संरक्षण तथा काव्य परंपरा को प्रोत्साहन देना रहा। कार्यक्रम में हिंदी भाषी क्षेत्र के विभिन्न प्रतिष्ठित कवि एवं कवयित्रियों ने सहभागिता कर अपने काव्य पाठ से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। देवरिया से पधारीं आकृति विज्ञ ने भगवान राम के जीवन पर आधारित अत्यंत मार्मिक एवं सुंदर गीत प्रस्तुत किए। साथ ही उन्होंने चैत्र माह की लोक परंपरा को जीवंत करते हुए चैता गीत का भी सुमधुर गायन किया। कानपुर से आए मयंक शुक्ल ने कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन करते हुए अपने काव्य पाठ से भी श्रोताओं को प्रभावित किया। लखीमपुर खीरी से आईं शिवा अवस्थी ‘शिवा’ ने प्रेरणादायक गीतों के माध्यम से कार्यक्रम की गरिमा को और ऊंचाई प्रदान की। शिवम श्रीवास्तव ने भी अपने प्रभावी काव्य पाठ से आयोजन को समृद्ध किया। इस आयोजन की विशेषता रही ग्रामीण जनों की उत्साहपूर्ण भागीदारी तथा मातृशक्ति की उल्लेखनीय उपस्थिति, जिसने कार्यक्रम को और अधिक जीवंत एवं सफल बनाया। राष्ट्रोत्थान गुरुकुलम द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम लोक संस्कृति के संरक्षण-संवर्धन तथा अवध क्षेत्र में व्याप्त राम चेतना के उत्सव का एक सशक्त प्रयास रहा। आचार्य योगेश के कुशल प्रबंधन एवं संयोजन में यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। गुरुकुलम की इस पहल को क्षेत्र में व्यापक सराहना प्राप्त हो रही है।
परियोजना की जानकारी
प्रोजेक्ट गैलरी